Please wait

देशभर में पूरी अकीदत के साथ अदा की गई नमाज-ए-ईद

ईदगाहों और मस्जिदों में शांति और खुशहाली के लिए की गई विशेष दुआ

22 Apr 2023

देशभर में पूरी अकीदत के साथ अदा की गई नमाज-ए-ईद

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित देशभर में ईद-उल-फितर का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। आज सुबह लोगों ने ईदगाहों और बड़ी मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की। दिल्ली की ऐतिहासिक शाहजहानी जामा मस्जिद में बड़ी संख्या में मुसलमानों ने ईद की नमाज अदा की। यहां ईद की नमाज का वक्त सुबह 6ः30 बजे था।

पुरानी दिल्ली की शाही मस्जिद फतेहपुरी में नमाज-ए-ईद सुबह 7ः30 अदा की गई। शाही ईदगाह बाड़ा हिंदू राव में ईद की नमाज सुबह 8 बजे अदा की गई है। नमाज-ए-ईद के बाद देश-दुनिया में अमन-शांति के लिए दुआएं मांगी गईं और लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।

ऐतिहासिक जामा मस्जिद में शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने एकत्र लोगों को ईद की नमाज अदा कराई। इस मौके पर उन्होंने देश में शांति और खुशहाली के लिए विशेष दुआ भी की। इस पर लोगों ने आमीन की सदा बुलंद कीं। जामा मस्जिद के बाहर तरह-तरह के पकवानों, खिलौने वगैरह के स्टाल लगे थे। इस दौरान बच्चों ने तरह-तरह के पकवानों का लुत्फ लिया और झूले झूलकर मस्ती की।

शाही मस्जिद फतेहपुरी में इमाम मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने ईद की नमाज अदा कराई। डॉ. मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने इस मौके पर अल्लाह के आगे गिड़गिड़ा कर विशेष दुआ भी कराई। उन्होंने दुआ के दौरान देश में शांति और खुशहाली के साथ-साथ आपसी भाईचारे और इंसान-दोस्ती का पैगाम दिया।

ईद की नमाज में सबसे बड़ा हुजूम शाही ईदगाह में नजर आया। यहां सुबह आठ बजे ईद की नमाज अदा की गई। ईदगाह पर काफी देर तक लोगों की भीड़ नजर आई और लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद पेश की। ईदगाह के बाहर बच्चों के लिए चाट, समोसे, कैंडी के स्टॉल लगे थे। इसके साथ ही उनके लिए झूले वगैरह का भी इंतजाम था।

इसके अलावा पुरानी दिल्ली की विभिन्न मस्जिदों में भी ईद की नमाज अदा की गई है। दिल्ली की महत्वपूर्ण दरगाहों, दरगाह हजरत निजामुद्दीन औलिया, दरगाह हजरत बख्तियार काकी रहमतुल्लाह अलेह, दरगाह ख्वाजा बाकी बिल्लाह, दरगाह हजरत शाह वालीउल्लाह मोहद्दिस देहलवी, दरगाह हजरत शाह अबुल खैर, दरगाह फ़ैज़-ए-इलाही में भी मुसलमानों ने पूरे अकीदत के साथ ईद की नमाज अदा की।

पूर्वी दिल्ली के मुस्लिम आबादी वाले क्षेत्रों सीलमपुर, जाफराबाद, मुस्तफाबाद, वेलकम, करावल नगर, शाहदरा, सीमापुरी, कर्दमपुरी, शास्त्री पार्क, गांधी मार्केट, लक्ष्मी नगर, शकरपुर, मंडावली में जगह-जगह मस्जिदों और ईदगाहों में ईद की नमाज अआ की गई।

जंगपुरा, भोगल, बस्ती हजरत निजामुद्दीन, जामिया नगर, अबुल फजल एनक्लेव, जाकिर नगर, ओखला, गोविंदपुरी, तिघड़ी, हमदर्द नगर, संगम विहार, तुगलकाबाद, बदरपुर, साकेत, हौज रानी, महरौली, छतरपुर, मदनगीर, खानपुर, उत्तम नगर, जनकपुरी, सीतापुरी, कंझावला, किराड़ी, सुल्तानपुरी, जहांगीरपुरी, वजीराबाद, यमुना विहार आदि की मस्जिदों में भी ईद की नमाज अदा की गई।

गौरतलब है कि रमजान के एक महीने के रोजा रखने के बाद ईद का पर्व अल्लाह के जरिए मुसलमानों को दिए गए उपहार के तौर पर मनाया जाता है। ईद की नमाज अदा करने से पहले मुसलमान गरीबों को फितरा अदा करते हैं, ताकि वह भी ईद की खुशियों में बराबर से शरीक हो सकें।

Ad Image
Comments

No comments to show. Log in to add some!

Other Relevant Stories







Download The Taaza Tv App Now to Stay Updated on the Latest News!


play store download
app store download
app img


Breaking News